बांका के बौंसी बाज़ार के दुमका रोड स्थित मटन जंक्शन होटल में बुधवार की देर शाम अचानक आग लगने की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के समय दुकान पूरी तरह बंद थी और आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण आग को फैलने से रोकने में देर हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। इसके साथ ही एक गैस सिलिंडर के लीक होने की बात भी सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी कुमार रवि हरकत में आ गए और तुरंत दमकल विभाग को खबर दी। जानकारी मिलने के बाद बाराहाट अंचल से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों के समय पर पहुंचने और तेज़ी से की गई कार्रवाई के कारण आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
मटन जंक्शन होटल में लगी आग के कारण दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दुकान मालिक अजय चौधरी के भाई संजय चौधरी ने बताया कि दुकान में रखा फर्नीचर, काउंटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य उपयोगी सामग्री जल गई है। उन्होंने बताया कि घटना से लगभग डेढ़ लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
अंचलाधिकारी ने कहा कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का विस्तृत आकलन जल्द किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुकान आसपास कोई मौजूद होता तो आग को शुरुआती चरण में ही काबू में किया जा सकता था।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा उपायों और बिजली कनेक्शन की नियमित जांच को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और दुकानों में आग से सुरक्षा के उपकरण रखने की अपील की है।
रिपोर्ट -माखन सिंह




