रिपोर्ट-चन्दन कुमार
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के डुमरामा में आयोजित एक जनसभा कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जब सत्ता में थे, तब वे हर क्षेत्र में युवाओं को नौकरी देने की बात करते थे, लेकिन उनके उन वादों का अब “पोस्टमार्टम” हो चुका है और वे अपने ही बयानों का जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं। मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार युवाओं को नौकरी नहीं बल्कि स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है, ताकि राज्य के लोग आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी यादव ने “मां-बहन योजना” जैसी योजनाएं चलाई थीं, जिसे जनता ने पूरी तरह से खारिज कर दिया। वहीं, नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई “मुख्यमंत्री महिला स्वरोजगार योजना” को महिलाओं ने बड़े पैमाने पर अपनाया है और यह योजना राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
अशोक चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति अब केवल बयानबाजी तक सीमित रह गई है। जनता अब उनके झूठे वादों और आरोपों से भलीभांति परिचित है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की न तो अब कोई दिशा बची है और न ही विश्वसनीयता, इसलिए जनता उनके बयानों पर भरोसा नहीं करती। मंत्री चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे विकास की राजनीति में विश्वास रखें और बिहार को आगे ले जाने में भागीदार बनें।




