file 2025 11 29T17 05 54 कटोरिया में गैस सिलिंडर रिसाव से भीषण अग्निकांड, घर जलकर खाक; पुलिस व दमकल ने संभाला मोर्चा

कटोरिया में गैस सिलिंडर रिसाव से भीषण अग्निकांड, घर जलकर खाक; पुलिस व दमकल ने संभाला मोर्चा

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका के कटोरिया आनंदपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी बारणे पंचायत अंतर्गत नारायणडीह गांव में शनिवार को गैस सिलिंडर के रिसाव से लगी आग ने एक परिवार का आशियाना पूरी तरह राख कर दिया। अग्निकांड इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। अनुमान के मुताबिक, लगभग पचास हजार रुपये से अधिक की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई।

 

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि नारायणडीह निवासी अशोक राय के घर में दोपहर के समय खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान रसोई घर में रखे गैस सिलिंडर से अचानक गैस रिसने लगी। रिसाव बढ़ने के साथ ही सिलिंडर में आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में आग लगते ही परिवारिक सदस्यों में हड़कंप मच गया और लोग घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

 

आग लगते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर दौड़ पड़े और घर में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों और धुएं के कारण वे आग पर नियंत्रण नहीं कर सके। इसी बीच किसी ग्रामीण ने तत्काल अग्निशामक विभाग और आनंदपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम और अग्निशामक दल तुरंत घटनास्थल पहुंचे।

 

दमकलकर्मियों ने सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलते घर से गैस सिलिंडर को बाहर निकालकर खुले मैदान में सुरक्षित स्थान पर रखा। इसके बाद टीम ने भरसक प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था और नकदी, जेवरात, कपड़े, बर्तन, राशन सहित अधिकांश सामान राख हो गए।

See also  बाल विवाह मुक्त भारत केवल सरकारी अभियान नहीं, समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : विशेषज्ञ

 

अग्निकांड के बाद पीड़ित गृहस्वामी अशोक राय व उनके परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। उनका कहना है कि इस हादसे में उनका सबकुछ बर्बाद हो गया। पीड़ित परिवार ने चांदन अंचलाधिकारी (सीओ) से अग्निकांड की समुचित जांच कराने, राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि दमकल टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के अन्य घरों तक फैल सकती थी। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन दिया है।

 

रिपोट -रविशंकर सिंह