file 00000000109872079768f68cdbd0df5a बांका के मंदार पापहारिणी मेले में उचक्कों का आतंक, सफा अनुयायियों से एक लाख रुपये की चोरी

बांका के मंदार पापहारिणी मेले में उचक्कों का आतंक, सफा अनुयायियों से एक लाख रुपये की चोरी

Photo of author

By Banka Darshan News

बौंसी प्रखंड क्षेत्र में आयोजित पापहारिणी मेला के दौरान उचक्कों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना बुधवार की बताई जा रही है, जब झारखंड के पाकुड़ जिला अंतर्गत किरणपुर थाना क्षेत्र के मुर्गा डंगाल गांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदार तराई पहुंचे थे। श्रद्धालु अपने ईष्टदेव की पूजा-अर्चना और पवित्र स्नान के उद्देश्य से पापहारिणी मेला में शामिल हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुर्गा डंगाल गांव निवासी ताला बिटिया हांसदा अपने पति नोरेन मरांडी के साथ करीब नौ बसों में सवार होकर अन्य श्रद्धालुओं के साथ मंदार तराई आई थीं। सभी बसों का किराया चुकाने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा एकत्रित किए गए लगभग एक लाख रुपये, साथ ही कुछ सोने-चांदी के आभूषण एक छोटे बैग में रखे गए थे। यह बैग सभी की सहमति से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से अपने पास रखा गया था।

बताया जाता है कि सभी श्रद्धालु नियंत्रण कक्ष के घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान रुपयों और जेवरात से भरा बैग नियंत्रण कक्ष के ठीक सामने स्थित सीढ़ी घाट पर अन्य सामान के साथ रख दिया गया। इसी बीच मौके की तलाश में घूम रहे उचक्कों ने बैग पर हाथ साफ कर दिया और भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

घटना नियंत्रण कक्ष के बिल्कुल समीप घटित होने की बात सामने आने के बाद मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। पीड़ितों ने तत्काल नियंत्रण कक्ष पर इसकी सूचना दी, जहां से उन्हें बौंसी थाना जाने की सलाह दी गई। हालांकि, श्रद्धालुओं के साथ व्यावहारिक समस्याएं भी सामने आईं।

See also  मंदार महोत्सव को लेकर स्कूली बच्चों का ऑडिशन, 684 छात्र-छात्राओं ने दिखाया हुनर

पीड़ितों ने बताया कि उनके साथ आए सफा अनुयायियों को घर लौटने की जल्दी थी, वहीं बस चालकों ने भी रिजर्व समय समाप्त होने की बात कह दी। ऐसे में मजबूरीवश वे लोग बिना थाना गए अपने घर लौट गए। हालांकि नियंत्रण कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों में उचक्कों की धुंधली तस्वीर कैद होने की बात सामने आई है, जिससे मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

इस संबंध में बौंसी के अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा ने बताया कि अब तक इस मामले की कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग भी उठने लगी

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार