.
बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने प्रेस वार्ता कर सुईया थाना क्षेत्र में मिले सिर कटा शव के मामले का सफल उद्भेदन किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिनांक 25 दिसंबर 2025 को सुईया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेरधनिया जंगल के पहाड़ी इलाके में एक अज्ञात सिर कटा शव पड़े होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सत्यापन के उपरांत शव को जंगल से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए घटनास्थल का विधिवत निरीक्षण विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम से कराया। जांच के दौरान शव की पहचान सुबोध कुमार सिंह, पिता रविंद्र प्रसाद सिंह, निवासी थाना बेलहर, जिला बांका के रूप में की गई। मृतक की पहचान के बाद उनकी पत्नी अर्चना कुमारी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर सुईया थाना में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के सफल उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेलहर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में पुलिस ने कांड का सफल उद्भेदन करते हुए हत्या की घटना में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनोज यादव, छोटन चौधरी एवं मृतक की पत्नी अर्चना कुमारी के रूप में की गई है।
छापामारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक धारदार हथियार, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा एक सिम कार्ड बरामद किया है। बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.




