file 2025 12 26T17 05 09 मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला की तैयारी तेज, यातायात व साफ-सफाई पर विशेष जोर

मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला की तैयारी तेज, यातायात व साफ-सफाई पर विशेष जोर

Photo of author

By Banka Darshan News

मंदार महोत्सव सह बौंसी मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन मंदार तराई स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप किया गया। बैठक में मेला के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य फोकस मेला अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुविधाजनक बनाए रखने पर रहा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए जाम की समस्या से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण के उपायों पर विचार किया गया। इस संबंध में डीटीओ अन्नू कुमारी एवं ट्रैफिक डीएसपी नीरज गुप्ता द्वारा बिंदुवार सुझाव प्रस्तुत किए गए।

इसके अलावा बैठक में मेला की तैयारियों से जुड़े कई अन्य अहम बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इनमें मंदार क्षेत्र की समग्र साफ-सफाई, अवंतिका नाथ धाम की विशेष सफाई एवं सौंदर्यीकरण, मेला के दौरान प्रस्तावित खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए सीएनडी मैदान की सफाई, मेला ग्राउंड की साफ-सफाई, पापहारिणी सरोवर की स्वच्छता, मंदार परिक्रमा पथ की मरम्मत तथा कृषि प्रदर्शनी स्थल पर रंगाई-पुताई एवं जनसेवा सुविधाओं के विकास जैसे विषय शामिल रहे।

नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली कुमारी ने जानकारी दी कि साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अवंतिका नाथ धाम में पर्यटन विभाग द्वारा विशेष रूप से सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य कराया जा रहा है। मंदार परिक्रमा पथ को जेसीबी मशीन के माध्यम से दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दो सप्ताह पूर्व से मजदूरों को तैनात कर साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है, जिसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

See also  बौंसी थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक, महाशिवरात्रि व शब-ए-बारात को लेकर प्रशासन सतर्क

एसडीएम राजकुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मंदार महोत्सव क्षेत्र की पहचान है और इसके आयोजन में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, बीडीओ हर्ष पराशर, स्थानीय प्रतिनिधि मनीष अग्रवाल, जयवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट -दीपक कुमार