IMG 20250913 225010 बांका के मंदिर से दान पेटी के साथ पुजारी की बाइक भी चोरी  थाने में दिया आवेदन 

बांका के मंदिर से दान पेटी के साथ पुजारी की बाइक भी चोरी  थाने में दिया आवेदन 

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका डेक्स रिपोर्ट.

बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर स्थित धौनी कुटिया बद्रीनाथ धाम से अज्ञात चोरों ने शुक्रवार की रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर परिसर से पुजारी की हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक उड़ा ली और साथ ही श्रीराम मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी गई पूरी नकदी लेकर फरार हो गए।

 

मंदिर के पुजारी मनोरंजन चौधरी ने रजौन थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात करीब 10:30 बजे वे खाना खाकर सोने चले गए थे। इसी दौरान रात लगभग 2:30 बजे उनके ससुर विभाष चंद्र झा शौच के लिए उठे तो देखा कि मंदिर परिसर में खड़ी स्प्लेंडर बाइक गायब है। ससुर ने तुरंत उन्हें जानकारी दी, जिसके बाद पुजारी ने बाइक की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि कुटिया परिसर स्थित श्रीराम मंदिर की दान पेटी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखा गया एक भी रुपया मौजूद नहीं है।

 

दान पेटी से कितनी राशि चोरी हुई है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। पुजारी ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन मिलने के बाद रजौन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।

 

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन असामाजिक तत्व इधर-उधर घूमते रहते हैं। लोगों ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

See also  मंदार की तराई में संथाल सनातनियों के महाकुंभ से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, क्षेत्र भक्तिमय

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का उद्भेदन करने का दावा कर रही है। इस घटना से इलाके के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई है।