file 2025 12 18T16 34 21 कटोरिया में मद्य निषेध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूध टैंकर समेत तीन वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

कटोरिया में मद्य निषेध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूध टैंकर समेत तीन वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका के कटोरिया। मद्य निषेध थाना कटोरिया की पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए दूध टैंकर, मिनी पिकअप वैन तथा एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में करीब दो सौ पेटी शराब जब्त की गई है, जबकि तीनों वाहनों के चालकों समेत कुल चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस सफलता से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

 

मद्य निषेध थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार की ओर भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर ग्रामीण व जंगली इलाकों की सड़कों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दूध टैंकर और दूध ढोने वाली मिनी पिकअप वैन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालकों ने वाहनों को तेजी से भगाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को घेराबंदी कर जब्त कर लिया।

 

इसके बाद पुलिस ने एक लग्जरी कार को भी रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें भी विदेशी शराब बरामद हुई। जांच के दौरान यह सामने आया कि कार की सीटों के नीचे, डिक्की में और यहां तक कि इंजन के नीचे भी शराब की बोतलों को बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया था। गिरफ्तार लग्जरी कार चालक की पहचान चंदन कुमार, पिता मोहन पोद्दार, ग्राम विशनपुर चांदनी चौक, जिला बेगूसराय के रूप में की गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शराब तस्करों का यह गिरोह लंबे समय से दूध टैंकर और दूध ढोने वाले वाहनों का इस्तेमाल अवैध शराब की तस्करी के लिए कर रहा था, ताकि उत्पाद विभाग और पुलिस को गुमराह किया जा सके। मुख्य मार्गों से बचते हुए यह गिरोह ग्रामीण और जंगली इलाकों की कच्ची सड़कों का सहारा लेता था, जिससे आसानी से शराब की खेप एक जिले से दूसरे जिले तक पहुंचाई जा सके।

See also  बांका में पति पर अश्लील फोटो वायरल करने और तीन तलाक की धमकी देने का आरोप, विवाहिता ने थाने में की शिकायत

 

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व मद्य निषेध थाना कटोरिया के इंस्पेक्टर रजनीश पटेल ने किया। उनके साथ इंस्पेक्टर जीवश कुमार, अवर निरीक्षक मनोहर झा, एएसआई मनोज कुमार, राकेश कुमार और रौशन कुमार दल-बल के साथ शामिल थे। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से शराब तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

 

मद्य निषेध थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।