file 2026 02 02T14 46 44 बांका के गोविंदपुर स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा

बांका के गोविंदपुर स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के पंजवारा पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर गांव स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय गोविंदपुर इन दिनों गंभीर जलजमाव की समस्या का सामना कर रहा है। गांव के नाले से बहकर आने वाला पानी विद्यालय परिसर में जमा हो जा रहा है, जिससे पूरे परिसर में कीचड़ और गंदा पानी फैल गया है। बताया जा रहा है कि विद्यालय की जमीन नाले की सतह से नीचे होने के कारण पानी की स्वाभाविक निकासी नहीं हो पा रही है।

स्थिति को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि नाले की नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण उसमें कचरा जमा है, जिससे नाला जाम हो गया है। परिणामस्वरूप जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। बीते कई महीनों से इस समस्या के चलते विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को विद्यालय परिसर में प्रवेश करने और कक्षाओं तक आने-जाने में कठिनाई हो रही है।

विद्यालय परिसर में लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस जलजमाव का बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कई अभिभावकों ने चिंता जताई है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों की नियमित उपस्थिति पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि नाले की अविलंब सफाई कराई जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यालय परिसर को जलजमाव से मुक्त कराया जा सके। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक जियाउल हक ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों को पूर्व में ही जानकारी दी जा चुकी है। अब ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन को शीघ्र ठोस कार्रवाई की उम्मीद है, जिससे बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा मिल सके।

See also  पी बी एस कॉलेज बांका में विभिन्न मांगों को लेकर छात्र राजद का एक दिवसीय धरना

 

रिपोर्ट – दीपक कुमार