file 0000000047347207836ec6bacb78a2ab बांका में आम बागवानी को बढ़ावा: किसानों को मिलेंगे मुफ्त पौधे और 80 हजार तक अनुदान

बांका में आम बागवानी को बढ़ावा: किसानों को मिलेंगे मुफ्त पौधे और 80 हजार तक अनुदान

Photo of author

By Banka Darshan News

एकीकृत बागवानी मिशन के तहत जिले में फलों की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम की बागवानी का क्षेत्र तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इस वर्ष जिले में 10 हेक्टेयर निजी भूमि पर आम का बगीचा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि आम का बाग लगाने के इच्छुक किसानों को पौधे नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही पौधों की देखरेख के लिए सरकार की ओर से अनुदान भी दिया जाएगा। इस योजना का लाभ लेने हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

सरकारी दिशानिर्देश के अनुसार कोई भी किसान न्यूनतम आठ कट्ठा से लेकर अधिकतम दो हेक्टेयर तक भूमि पर आम का बाग लगा सकता है। एक हेक्टेयर में पौधरोपण पर लगभग दो लाख रुपये का खर्च अनुमानित है, जिसमें सरकार 40 प्रतिशत यानी 80 हजार रुपये का अनुदान उपलब्ध कराएगी। अनुदान किसानों को दो किस्तों में दिया जाएगा—पहली किस्त 60 प्रतिशत (48,000 रुपये) और दूसरी किस्त 40 प्रतिशत (32,000 रुपये)। दूसरी किस्त तभी जारी की जाएगी जब लगाए गए कम से कम 80 प्रतिशत पौधे सुरक्षित पाए जाएँगे।

 

उद्यान विभाग की ओर से चयनित किसानों को पाँच उन्नत किस्मों—मालदह, बम्बइया, गुलाब खास, आम्रपाली और मल्लिका—के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक हेक्टेयर में 400 पौधे लगाए जाने की व्यवस्था है। पौधों की सरकारी दर के अनुसार लागत प्रथम किस्त में से काट ली जाएगी, जबकि शेष राशि किसान के खाते में भेजी जाएगी ताकि वे सिंचाई, खाद, सुरक्षा जाल और अन्य देखभाल संबंधी कार्य कर सकें।

See also  बांका में धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं में केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला।

 

महिला किसानों को भी इस योजना में विशेष प्राथमिकता दी गई है। कुल लक्ष्य का 30 प्रतिशत हिस्सा महिला कृषकों के लिए आरक्षित रखा गया है, ताकि उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ फलोत्पादन क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का अवसर मिले। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ एलपीसी या जमीन की रसीद, पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक पासबुक की प्रति अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी।

 

जिला कृषि पदाधिकारी त्रिपुरारी शर्मा ने बताया कि चौथे कृषि रोड मैप के तहत जिले में फलोत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आम का बाग लगाकर किसान न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, बल्कि दीर्घकालीन आय का भी स्थायी स्रोत तैयार कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि इच्छुक किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय में ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।

 

रिपोर्ट – चन्दन कुमार