IMG 20251223 WA1522 जिला निरीक्षण समिति द्वारा पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण

जिला निरीक्षण समिति द्वारा पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला पदाधिकारी, बाँका  नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति द्वारा बाँका जिले में संचालित पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

IMG 20251223 WA1519 जिला निरीक्षण समिति द्वारा पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण

बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने बच्चों की विशेष देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बच्चों को पर्याप्त गर्म वस्त्र उपलब्ध कराए जाएं तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई ने जानकारी दी कि वर्तमान में विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, बाँका में दो बच्चे आवासित हैं, जिनका इलाज एनआरसी, बाँका में चल रहा है। जिला पदाधिकारी ने बच्चों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और उनसे संबंधित संचिकाओं एवं पंजीयों का भी निरीक्षण किया।

IMG 20251223 WA1524 जिला निरीक्षण समिति द्वारा पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का त्रैमासिक निरीक्षण

इसके पश्चात जिला निरीक्षण समिति द्वारा दिसंबर माह में प्रारंभ हुए पर्यवेक्षण गृह का भी निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर को साफ-सुथरा रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा रात्रि के समय समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह से सड़क तक बन रहे अप्रोच रोड का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि अप्रोच रोड का निर्माण कार्य हर हाल में 31 दिसंबर तक पूर्ण किया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। इसके अतिरिक्त जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पर्यवेक्षण गृह परिसर से सटे आवासीय क्षेत्र में नाली की समुचित निकासी के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र कराने का निर्देश भी दिया गया।

See also  छठ पूजा को लेकर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में आवासित बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उनकी दैनिक दिनचर्या, पढ़ाई एवं रहन-सहन के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन में रहने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों से संवाद के दौरान उन्होंने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह के संचालन पर संतोष व्यक्त किया। इस निरीक्षण के दौरान जिला निरीक्षण समिति में सिविल सर्जन, बाँका, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), बाँका, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, डीपीओ (स्थापना), किशोर न्याय परिषद के सदस्य, बाल कल्याण समिति के सभी सदस्य सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित.

 

न्यूज़ -दीपक कुमार