IMG 20251101 231444 बांका में बारिश से उफान पर लोहागढ़ नदी, डायवर्सन क्षतिग्रस्त — लोगों की आवाजाही पर खतरा

बांका में बारिश से उफान पर लोहागढ़ नदी, डायवर्सन क्षतिग्रस्त — लोगों की आवाजाही पर खतरा

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट- राजीव कुमार

विगत कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण लोहागढ़ नदी उफान पर है। नदी में पानी के तेज बहाव से स्थिति खतरनाक हो गई है और इससे नदी पर बने डायवर्सन के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही पर संकट उत्पन्न हो गया है।

 

जानकारी के अनुसार, लोहागढ़ नदी पर बहोरना गांव के पास बने अस्थायी डायवर्सन से फुल्लीडुमर और बेलहर प्रखंड के लोगों का आवागमन होता था। परंतु तेज बारिश और उफान के कारण डायवर्सन के कई हिस्से टूट गए हैं, जिससे सड़क संपर्क बाधित हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने खतरे की चेतावनी के रूप में डायवर्सन के दोनों छोर पर बांस में लाल कपड़े बांध दिए हैं, ताकि लोग सावधानी बरतें। इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर नदी पार कर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।

 

ग्रामीणों जगत भारती, रतिदेव शेखर, तारणंद, और अमित कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि इस संबंध में विभाग के वरीय अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। उनका कहना है कि जैसे ही पानी का बहाव कम होगा, डायवर्सन की मरम्मत कार्य शीघ्र आरंभ कर दी जाएगी ताकि यातायात सुविधा दोबारा बहाल हो सके।

 

गौरतलब है कि दिवंगत पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह ने अपने कार्यकाल में लोहागढ़ नदी पर स्थायी पुल का निर्माण कराया था। लेकिन लगभग दो-तीन वर्ष पूर्व आई बाढ़ में वह पुल टूट गया था, जिसके कारण फुल्लीडुमर और बेलहर प्रखंड के बीच संपर्क टूट गया था। तब से ग्रामीण कार्य विभाग ने अस्थायी डायवर्सन बनाकर लोगों को राहत दी थी।

See also  सड़क पर अवैध चंदा वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी 

 

अब लगातार बारिश से वही डायवर्सन भी क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण स्थिति फिर गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द नए पुल के निर्माण कार्य को गति दी जाए, ताकि बार-बार की असुविधा और खतरे से लोगों को राहत मिल सके।