डेक्स रिपोर्ट- बांका
बांका। रजौन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चाय दुकानदार पर गोली चलाने वाले कुख्यात अपराधी काजू यादव को घटना के 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे रजौन क्षेत्र के सीमा स्थित सैदपुर नहर के पास से पकड़ा। इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में राहत का माहौल है।
गुरुवार को टेकनी चौक स्थित एक चाय दुकान पर घुटिया गांव निवासी काजू यादव पहुंचा था। वहां भीड़ देखकर उसने दुकानदार जय नारायण कुमार से विवाद कर लिया और अचानक पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली 19 वर्षीय दुकानदार के दाहिने हाथ की उंगली में लगी। गंभीर रूप से घायल युवक को भागलपुर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
घायल के पिता जवाहर मंडल ने पुलिस को आवेदन देकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना पर शुक्रवार को सैदपुर नहर के पास से काजू यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद शनिवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने 24 घंटे के भीतर हुई गिरफ्तारी की सराहना की और कहा कि इससे इलाके में भयमुक्त वातावरण बनेगा। गौरतलब है कि काजू यादव का लंबा आपराधिक इतिहास है। पूर्व में वह पुलिस पर हमला, लूट, आर्म्स एक्ट उल्लंघन और अवैध बालू कारोबार जैसे कई मामलों में जेल जा चुका है। भागलपुर और बांका के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।




