IMG 20260108 WA0835 उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जीविका की समीक्षात्मक बैठक, योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जीविका की समीक्षात्मक बैठक, योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

Photo of author

By Banka Darshan News

 

उप विकास आयुक्त, बांका की अध्यक्षता में मंगलवार को जीविका योजनाओं की प्रगति को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) बांका श्री निवास, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्री राकेश कुमार, सभी जिला स्तरीय थीमेटिक प्रबंधक एवं सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जीविका समूहों के गठन, उनके बचत खातों एवं ऋण खातों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने जीविका से जुड़े ऋण खातों में बढ़ रहे एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) पर चिंता जताते हुए इसे न्यूनतम स्तर पर लाने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बांका जिले में कुल 199 एनपीए खाते चिन्हित हैं, जिन्हें शीघ्र समाधान कर नियमित श्रेणी में लाने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर नियमित निगरानी एवं सदस्यों से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में जीविका संकुल संघों के माध्यम से प्रखंड कार्यालयों में साफ-सफाई कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि अब तक केवल चार प्रखंडों में ही इस पहल की शुरुआत हो सकी है। उप विकास आयुक्त ने शेष प्रखंडों में भी शीघ्र इस कार्य को प्रारंभ करने का निर्देश दिया, ताकि स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा सके और जीविका दीदियों को अतिरिक्त रोजगार के अवसर मिल सकें।

इसके अलावा प्रखंड स्तर पर सिलाई केंद्र एवं “दीदी की रसोई” योजना की शुरुआत को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में यह निर्देश दिया गया कि जनवरी माह के भीतर सभी प्रखंडों में इन गतिविधियों की शुरुआत सुनिश्चित की जाए। उप विकास आयुक्त ने कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं को स्वरोजगार के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता प्राप्त होगी।

See also  बांका में शादी से पहले दुल्हन फरार, प्रेमी संग भागने से मचा हड़कंप, दूल्हा करता रहा मंदिर में इंतजार

अंत में उप विकास आयुक्त ने जीविकोपार्जन गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक जीविका दीदियों को आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में सभी पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार