बांका अमरपुर मुख्य मार्ग स्थित मकदुमा मोड़ के समीप शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग मदद के लिए जुट गए।
मृतक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के काशपुर गांव निवासी गौरी तांती के 30 वर्षीय पुत्र श्रवण तांती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार श्रवण तांती अपने मित्र रूपेश कुमार के साथ बाइक से समुखिया मोड़ दवा लेने गया था। दवा लेकर दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मकदुमा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा।
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने श्रवण तांती को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रूपेश कुमार का इलाज जारी है। उधर श्रवण की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव काशपुर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार कार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




