बांका के रजौन प्रखंड क्षेत्र की सिंहनान पंचायत अंतर्गत दयालपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। भानु यादव के घर में खाना बनाने के दौरान छोटा गैस सिलिंडर अचानक फट गया, जिससे पूरा आशियाना आग की चपेट में आ गया। इस भीषण अगलगी की घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत रही कि समय रहते घर के सभी लोग बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम भानु यादव के घर में छोटे गैस सिलिंडर पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलिंडर में आग पकड़ ली। स्थिति को भांपते हुए घर की एक महिला शोर मचाने और लोगों को बुलाने के लिए बाहर निकली, तभी तेज धमाके के साथ गैस सिलिंडर फट गया। विस्फोट के बाद आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते लपटें आसमान छूने लगीं।इस अगलगी की घटना में एक नई बाइक, चार बकरियां, घर में रखा खाने-पीने का सामान, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो गईं। जली हुई बाइक गोराडीह थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव निवासी दिलखुश यादव, पिता प्रसादी यादव की बताई जा रही है, जो किसी कारणवश भानु यादव के घर पर खड़ी थी। अचानक हुए हादसे से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।आग की लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी, डिब्बे और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर और उसमें रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। यदि ग्रामीण समय पर प्रयास नहीं करते तो आग आसपास के घरों तक भी फैल सकती थी।घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी कुमारी सुषमा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व कर्मचारी गुड्डू कुमार को घटनास्थल पर भेजा। उन्हें क्षति का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कड़ाके की ठंड में अचानक हुए इस हादसे ने एक परिवार को बेघर कर दिया है। अब प्रशासनिक सहायता ही पीड़ित परिवार के लिए सहारा बन सकती है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




