डेक्स रिपोट -बांका
बांका शहर स्थित सर्किट हाउस के समीप दुर्गा पंडाल परिसर में शनिवार को सेवा पर्व के अवसर पर उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा “स्वदेशी के साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान” के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने उद्योग विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत लगाए गए कतरनी चावल के स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण किया और उत्पाद की विशेषताओं तथा विपणन संभावनाओं की जानकारी ली। साथ ही अन्य उद्यमियों से उनके व्यवसाय के बारे में विस्तार से चर्चा की। डीएम ने उपस्थित उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का मूल उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और बेहतर पैकेजिंग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र बांका के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार, परियोजना प्रबंधक राजकुमार रजक, उद्योग विस्तार पदाधिकारी रौनक राज, मनीष कुमार पोद्दार सहित अन्य अधिकारी और उद्यमी मौजूद थे। सभी ने उद्यमियों को उद्योग विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और स्थानीय उत्पादों की जानकारी लेने के साथ ही उनके उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।




