बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र के साहबगंज गांव में चाय और सिगरेट नहीं देने की बात पर दबंगई का मामला सामने आया है। इस संबंध में साहबगंज गांव निवासी नीतीश कुमार, पिता उद्देश्य साह ने थाना में आवेदन देकर मथुरा गांव के राजू कुमार एवं मिट्ठू कुमार के विरुद्ध गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित नीतीश कुमार ने अपने लिखित बयान में बताया है कि उनके पिता की साहबगंज चौक पर चाय की दुकान है। वह स्वयं दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान रात्रि करीब आठ बजे मथुरा गांव के राजू कुमार और मिट्ठू कुमार दुकान पर पहुंचे और दो चाय तथा दो सिगरेट की मांग की। इस पर उसने उन्हें बताया कि रात हो चुकी है और दुकान बंद की जा रही है। चाय के बर्तन भी धोकर साफ किए जा चुके हैं, इसलिए चाय बनाना संभव नहीं है। साथ ही दुकान में सिगरेट भी उपलब्ध नहीं है।
इसी बात को लेकर दोनों आरोपी उग्र हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने मिलकर नीतीश कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि “हम मथुरा के रंगबाज हैं, जब कहेंगे तब चाय बनानी पड़ेगी।” आरोप है कि इसी क्रम में दोनों आरोपी कहीं से दौड़कर लोहे की खंती लेकर आए और उसके सिर पर वार कर दिया।
लोहे के प्रहार से नीतीश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई है।
इस मामले में थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में दबंगई और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- दीपक कुमार




