IMG 20260108 WA0533 पंजवारा में रात्रि गश्ती के दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए एसआई की मौत, पुलिस महकमे में शोक

पंजवारा में रात्रि गश्ती के दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए एसआई की मौत, पुलिस महकमे में शोक

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में पंजवारा थाना में पदस्थापित एसआई पुरेंद्र सिंह की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वे पैदल रात्रि गश्ती के दौरान संकट मोचन चौक के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान धोरैया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल एसआई को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक एसआई की पहचान मुंगेर जिले के सुपौल जमुआ गांव निवासी पुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गश्ती में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को खदेड़ कर पकड़ लिया।जांच में सामने आया है कि ट्रक को खलासी चला रहा था और उसकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

 

घटना की सूचना मिलते ही बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गुरुवार को पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

 

एसआई पुरेंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पंजवारा थाना परिसर में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक के परिजन झारखंड के देवघर में रहते हैं।

See also  बांका में सिगरेट व चाय नहीं देने पर दुकानदार से मारपीट, प्राथमिकी दर्ज

 

पंजवारा थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि ट्रक और उसे चला रहे खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

रिपोर्ट -यस्वीर कुमार