रिपोट- निवास कुमार सिंह( शम्भूगंज)
शारदीय नवरात्र के सप्तमी पूजा के अवसर पर बांका पुलिस कप्तान उपेंद्रनाथ वर्मा तिलडीहा मंदिर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेला ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आदेश दिया कि भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए सभी कर्मी भ्रमणशील रहें और किसी एक जगह पर भीड़ इकट्ठा न होने दें।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही चोर-उच्चकों व झपटमारों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल सादे लिवास में भी तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए मेला परिसर में अस्थाई थाना भी स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ को लगातार चलायमान रखा जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आमलोगों से अपील की कि वे शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतीश कुमार, सीओ जुगनू रानी, पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भी एसपी द्वारा किए गए इस प्रबंधन की सराहना की और भरोसा जताया कि पूजा निर्विघ्न संपन्न होगी।




