बांका। रेल यात्रियों के बीच वैध टिकट के साथ यात्रा, स्वच्छता बनाए रखने और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मालदा रेल मंडल द्वारा लगातार टिकट चेकिंग व यात्री जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मंदरहिल रेलवे स्टेशन और पंडेतोला हाल्ट पर विशेष टिकट जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान के तहत ट्रेन संख्या 73441 हंसडीहा–भागलपुर डीईएमयू पैसेंजर में ऑन-बोर्ड टिकट चेकिंग भी की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे छह रेल यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे नियमों के अनुसार इन सभी यात्रियों से कुल 1,440 रुपये जुर्माने की राशि वसूली गई। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान भी होता है।
टिकट जांच के साथ-साथ स्वच्छता को लेकर भी सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कचरा फैलाने का एक मामला सामने आया, जिसमें संबंधित व्यक्ति से 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, रेलवे परिसर में थूकने के तीन मामले पकड़े गए, जिनमें स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के लिए कुल 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ ने यात्रियों के साथ संवाद भी किया। यात्रियों को रेलवे के नियमों की जानकारी देते हुए केवल वैध टिकट के साथ यात्रा करने, स्टेशन एवं ट्रेन परिसर में कचरा न फैलाने तथा थूकने जैसी गंदी आदतों से बचने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना सभी यात्रियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके अलावा यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लाभों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप की जानकारी दी गई और बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर बिना कतार में लगे परेशानी मुक्त यात्रा की जा सकती है। रेलवे ने यात्रियों से डिजिटल और पेपरलेस टिकटिंग को अपनाने का आग्रह किया, ताकि समय की बचत के साथ-साथ पारदर्शिता भी बनी रहे।
रेल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं जागरूकता के माध्यम से यात्रियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




