IMG 20260108 WA0825 सड़क पर अवैध चंदा वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी 

सड़क पर अवैध चंदा वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी 

Photo of author

By Banka Darshan News

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने की। बैठक में जिले के सभी थानों के लंबित कांडों की थानावार समीक्षा की गई तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने रात्रि गश्ती को और अधिक सक्रिय करने तथा रोको-टोको अभियान को गंभीरता से चलाने पर बल दिया। ठंड के मौसम को देखते हुए गृह भेदन, चोरी, लूट समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना बढ़ने की बात कहते हुए इन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।बैठक में एसपी ने क्षेत्र के सभी आपराधिक चरित्र वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा। साथ ही वारंटी एवं लंबे समय से फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात भी कही गई, ताकि विवादों के कारण उत्पन्न होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।एसपी ने अवैध बालू उत्खनन और भंडारण के खिलाफ सघन अभियान चलाने तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में आगामी वसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि सरस्वती प्रतिमा स्थापना के लिए शत-प्रतिशत लाइसेंस सुनिश्चित किया जाए। थाना स्तर से ही लाइसेंस निर्गत किए जाएंगे तथा जुलूस और विसर्जन की तिथि पूर्व से निर्धारित कर ली जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई पर भी विशेष जोर दिया गया।

See also  मंदार महोत्सव के मंच पर देशभर के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने सख्त शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में मुख्य मार्गों या अन्य रास्तों पर सरस्वती पूजा के नाम पर अवैध चंदा वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पर थानाध्यक्षों को विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया। यदि कहीं भी अवैध चंदा वसूली की घटना सामने आती है, तो संबंधित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्ट -दीपक कुमार