बांका जिला के धोरैया में सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने मंगलवार को धोरैया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में भारी लापरवाही, डॉक्टरों व कर्मियों की अनुपस्थिति तथा अव्यवस्थाएं सामने आने पर सिविल सर्जन ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कर्तव्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सिविल सर्जन सबसे पहले पैर अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान यहां गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पता चला कि केंद्र पर तैनात दो डॉक्टरों में से केवल डॉ. पंकज कुमार ही उपस्थित थे, जबकि डॉ. नीतीश कुमार अनुपस्थित मिले। इसके अलावा एक भी एएनएम केंद्र पर मौजूद नहीं थी तथा एमओ स्टाफ भी नदारद पाए गए। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व सोमवार को धोरैया प्रमुख रंजू देवी के निरीक्षण में भी यह केंद्र मात्र एक जीएनएम के भरोसे संचालित पाया गया था। इस घोर लापरवाही को लेकर सिविल सर्जन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही।
इसके बाद सिविल सर्जन अहीरो अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉ. गजाला अफरीन उपस्थित पाई गईं। इस दौरान ग्रामीणों ने अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति, रंग-रोगन की कमी तथा साफ-सफाई के अभाव की शिकायत की। ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य प्रबंधक ए.के. श्यामला को प्रसव कक्ष सहित पूरे अस्पताल परिसर की अविलंब साफ-सफाई कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत सिविल सर्जन धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने ओटी, प्रसव कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड एवं कंप्यूटर कक्ष का गहन निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। उन्होंने दवाओं के सही रखरखाव, समय पर उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने डीपीएम ब्रजेश कुमार सिंह और चिकित्सा प्रभारी डॉ. ज्योति रजवार को सख्त लहजे में हिदायत दी कि सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिदिन उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों और कर्मियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है। सिविल सर्जन ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कोई समस्या हो तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. ज्योति रजवार, स्वास्थ्य प्रबंधक ए.के. श्यामला सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -आसुतोष कुमार




