IMG 20260112 202144 फुल्लिडुमर में विदाई सह सम्मान समारोह में शिक्षक हुए भावुक, साथियों से लिपटकर लगे रोने

फुल्लिडुमर में विदाई सह सम्मान समारोह में शिक्षक हुए भावुक, साथियों से लिपटकर लगे रोने

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के फुल्लीडुमर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्रोन्नत मध्य विद्यालय सिस्तादमगी में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुशील कुमार सिंह के सेवा निवृत्त होने के अवसर पर भावपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार राय एवं शिक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार के साथ-साथ शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान सेवा निवृत्त शिक्षक सुशील कुमार सिंह ने अपने लंबे कार्यकाल को याद करते हुए भावुक शब्दों में कहा कि उन्होंने अपने शिक्षकीय जीवन में सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान यदि कभी अनजाने में किसी छात्र, अभिभावक या शिक्षक साथी से कठोर व्यवहार हुआ हो तो उसके लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा भी मांगी। यह कहते हुए उनकी आंखें नम हो गईं और वे स्वयं को रोक नहीं पाए। इसी दौरान विद्यालय के बच्चे उनसे लिपटकर रोने लगे, जिससे पूरे समारोह का माहौल बेहद मार्मिक हो गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमडीएम आरपी दीपक कुमार एवं डीडीए श्रीकांत सिंह ने कहा कि सेवा निवृत्ति नौकरी के जीवन का एक स्वाभाविक और आवश्यक चरण है। इसे दुख नहीं, बल्कि गर्व और खुशी के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि सुशील कुमार सिंह का पूरा कार्यकाल पूरी तरह बेदाग और प्रेरणादायी रहा। ऐसे शिक्षक नई पीढ़ी के लिए आदर्श होते हैं और उनके कार्यों से अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रोन्नत मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक उपेंद्र कुमार, बंगबरिया के प्रकाश चंद्र यादव, भीतिया के मिथलेश कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी सेवा निवृत्त शिक्षक की प्रशंसा करते हुए उनके समर्पित शिक्षकीय जीवन के लिए धन्यवाद दिया। वक्ताओं ने कहा कि उनका योगदान विद्यालय और क्षेत्र के लिए हमेशा यादगार रहेगा।

See also  चंगेरी मिर्जापुर में 1100 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा:चैत्र नवरात्र पर श्रीराम कथा से पहले हुआ आयोजन

समारोह में गेडाटीकर के राजेश भगत, बन के सुरेंद्र हांसदा, पुरानी राता के अवधेश यादव, दसुआ के निलेश कुमार निराला, चौडांड़ के बिजी कुमार, उमेश कुमार, संजय साह, दिलीप कुमार यादव, मुकुल देव, पूर्व जिप सदस्य नरेश यादव, राजेश गुप्ता, अशोक यादव, कृष्णानंद यादव, प्राण मोहन सिंह, वीरेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सेवा निवृत्त शिक्षक को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की गई।

 

रिपोर्ट – दिलीप कुमार ललन सिंह. फुल्लीडुमर