मंदार महोत्सव के साथ-साथ बौंसी मेला एवं पापहारिणी मेला के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मेला अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था चाक-चौबंद रहे तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने को कहा गया है।
इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार ने मेला की तैयारियों और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर मेला मैदान सहित विभिन्न स्थलों का गहन निरीक्षण किया। सबसे पहले एसडीओ ने मेला मैदान पहुंचकर वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
यातायात व्यवस्था के तहत बड़े वाहनों के ठहराव के लिए चिह्नित किए गए पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें बौंसी प्रखंड कार्यालय के समीप, सीएनडी खेल मैदान के पास, बंशीपुर तथा रेलवे मैदान के समीप बनाए गए पार्किंग स्थल शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद अंचल अधिकारी कुमार रवि, थानाध्यक्ष राजरतन सहित अन्य कर्मियों को पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने एवं संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
एसडीओ ने छोटे वाहनों के ठहराव, बैरिकेडिंग व्यवस्था तथा मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पंचायत को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कराई जाए और कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कृषि प्रदर्शनी स्थल का भी निरीक्षण किया गया, जहां नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी को कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद पदाधिकारी मंदार तराई स्थित पापहारिणी सरोवर के समीप पहुंचे। यहां मंदार पर्वत क्षेत्र के नीचे अस्थायी दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और उसे अविलंब हटवाने का निर्देश दिया। इस संबंध में नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी के साथ-साथ थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बौंसी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा, धार्मिक न्यास समिति के सदस्य शंकर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट – दीपक कुमार




