रिपोटर- कमलदेव
बांका के बेलहर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बेलहर प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद झामा मैदान परिसर में स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपेंद्र सिंह ने की। इस अवसर पर बेलहर, चांदन और फुल्लीडुमर प्रखंड के सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उपेंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति की संपूर्ण जानकारी रखें और मतदान केंद्रों का पुनः निरीक्षण कर उनकी भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, विद्युत व्यवस्था, पानी, शौचालय आदि की स्थिति से अवगत रहें। साथ ही उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र के बीएलओ से निरंतर संपर्क बनाए रखने और मतदान केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करते रहने का निर्देश दिया।
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की सूची पहले से तैयार रखी जाए। मतदान दिवस पर संभावित चुनौतियों का पूर्वानुमान लगाकर आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को सभी ईवीएम मशीनें एवं मतदान सामग्री का डिस्पैच किया जाएगा। इसके बाद सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी मतदान कर्मियों को सुरक्षित रूप से संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि मतदान के दिन सुबह 5:30 बजे से मॉक पोल प्रारंभ कर दिया जाए और प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर मतदान की स्थिति की रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष को भेजी जाए। बेलहर विधानसभा क्षेत्र के कुल 406 मतदान केंद्रों पर 11 नवंबर को मतदान संपन्न होगा।
बैठक में मनरेगा निदेशक सतीश कुमार, बेलहर बीडीओ कुमार सौरभ, चांदन बीडीओ अजेश कुमार, फुल्लीडुमर बीडीओ अमित प्रसाद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी और आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।




