बांका जिला अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेठोर नदी से सोमवार सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिकानपुर गांव निवासी 35 वर्षीय क्रांति यादव, पिता गनोरी यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूरी करता था और परिवार का मुख्य सहारा था।

परिजनों ने बताया कि क्रांति यादव बीते सात दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। सोमवार सुबह जेठोर नदी में मछली पकड़ने गए स्थानीय मछुआरों ने नदी में शव को देखा। इसके बाद उन्होंने गांव में इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों को भी जानकारी दी गई।
मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके बाद रोहित यादव, नंदन यादव और अमरेश यादव हैं। क्रांति यादव की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी केली देवी, मां उर्मिला देवी और दो नाबालिग पुत्रों को छोड़ गया है। बड़ा बेटा अंकित यादव (12 वर्ष) और छोटा बेटा बादल यादव (10 वर्ष) है। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर अमरपुर थाना के दरोगा विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने या अन्य कारणों से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
ग्रामीणों के अनुसार क्रांति यादव एक शांत स्वभाव का व्यक्ति था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट -चांदन कुमार




