file 2025 12 20T14 02 34 बांका में 11 दिनों से लापता मजदूर का तालाब से मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

बांका में 11 दिनों से लापता मजदूर का तालाब से मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के धोरैया थाना क्षेत्र के चंदाडीह पंचायत अंतर्गत पारोहाट स्थित महादेवा स्थान के समीप एक तालाब से शनिवार को एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुसमी गांव निवासी माधो राय के रूप में की गई है, जो बीते 11 दिनों से लापता थे। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बन गया।

शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक शव को तैरते हुए देखा, जिसके बाद शोर-शराबा मच गया। सूचना मिलते ही धोरैया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। कुछ देर बाद बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।

पानी में कई दिनों तक रहने के कारण शव काफी फूला हुआ था तथा उससे दुर्गंध आ रही थी। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पंचायत के मुखिया अभय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

बताया जाता है कि इससे पूर्व 16 दिसंबर को मृतक की पत्नी विमली देवी ने अपने पति के नौ दिसंबर से लापता होने को लेकर धोरैया थाना में आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें सतौआ गांव के कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। मृतक की पत्नी के अनुसार, माधो राय पिछले दो वर्षों से बगल के गांव सतौआ निवासी संतोष सोरेन की पत्नी उर्मिला मरांडी के घर मजदूरी का काम करते थे और रोज रात आठ बजे तक घर लौट आते थे।

See also  बिहार में खुलेंगे पांच Gen-Z डाकघर, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और विशेष बचत योजनाएं

नौ दिसंबर को वे काम पर गए थे, लेकिन रात में वापस नहीं लौटे। पूछताछ के दौरान उर्मिला मरांडी ने बताया कि माधो राय उस दिन सुबह नौ बजे उससे एक हजार रुपये लेकर कहीं चले गए थे। खोजबीन में यह भी सामने आया कि नौ दिसंबर की रात करीब 11 बजे उन्होंने सतौआ गांव के मदन मरांडी के घर खाना खाया था। इसके बाद वे मदन के भाई ताला मरांडी और देर रात करीब 12 बजे बाबू राम मरांडी के घर भी गए थे।

इसी क्रम में शनिवार को उनका शव तालाब में मिलने से परिजनों का आरोप है कि माधो राय की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंका गया है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि इस हत्याकांड में एक महिला समेत सात-आठ लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिनसे माधो राय की आखिरी मुलाकात हुई थी।

धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ सभी संदिग्ध बिंदुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रहस्यमय मौत से पर्दा उठाया जाएगा।

रिपोर्ट -आसुतोष सिंह