IMG 20260103 211557 बेलहर थाना क्षेत्र में चेक डैम से शव मिलने से सनसनी, पहचान नहीं हो सकी

बेलहर थाना क्षेत्र में चेक डैम से शव मिलने से सनसनी, पहचान नहीं हो सकी

Photo of author

By Banka Darshan News

बेलहर (बांका)।

बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदन प्रखंड की पूर्वी कटसकरा पंचायत के करमटांड़ गांव के समीप स्थित हरिहर धाम चेक डैम में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग रोजमर्रा के कार्य से चेक डैम की ओर गए, तो उन्होंने पानी में एक व्यक्ति का शव तैरते हुए देखा। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना बेलहर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को चेक डैम से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार शव काफी दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है। शव का चेहरा, हाथ और पैर की चमड़ी बुरी तरह सड़-गल चुकी है, जिससे उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो सका है।

मृतक के शरीर पर चेकदार शर्ट, नीले रंग का स्वेटर जैकेट तथा पैजामा पाया गया है। शव की हालत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वह कई दिनों से पानी में रहा होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है।

शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे दुर्घटना मान रहा है तो कोई किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

See also  अमरपुर पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की बोलेरो झारखंड से बरामद, दो युवक गिरफ्तार

इस संबंध में बेलहर थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि मृतक शौच या किसी अन्य कार्य के लिए पानी के किनारे गया होगा, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह चेक डैम में गिरकर डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। अज्ञात शव मिलने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को चिंता और आशंका में डाल दिया है।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार