IMG 20260121 084010 scaled अमरपुर में दारोगा बहाली की परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न

अमरपुर में दारोगा बहाली की परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में दारोगा बहाली को लेकर आयोजित प्रारंभिक परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं कदाचार मुक्त माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया।

यह परीक्षा प्रखंड के सीएमएस हाई स्कूल शाहपुर, उच्च विद्यालय फतेहपुर, उच्च विद्यालय कठैल तथा अमरपुर शहर के आदर्श बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को तय समय से पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था। प्रवेश के समय छात्रों की गहन जांच की गई और पहचान पत्रों की जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण रूप से रोक लगाई गई थी। इसके चलते पूरे परीक्षा अवधि के दौरान कहीं से भी कदाचार की कोई सूचना नहीं मिली।

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र सामान्य स्तर का था और अधिकांश सवाल आसान थे। हालांकि कुछ छात्रों ने गणित विषय के प्रश्नों को अपेक्षाकृत कठिन बताया, जिससे उन्हें उत्तर देने में थोड़ी परेशानी हुई। बावजूद इसके अधिकतर परीक्षार्थी परीक्षा को लेकर संतुष्ट नजर आए।

परीक्षा समाप्ति के बाद केंद्रों से एक साथ बड़ी संख्या में छात्र एवं उनके अभिभावक बाहर निकले, जिससे अमरपुर शहर में कुछ समय के लिए यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और कुछ ही देर में जाम हटाकर आवागमन को सामान्य कर दिया।

See also  उधार मांगने पर दुकानदार ने युवक को पीटा, लोहे की चेन से किया हमला

रिपोर्ट -दीपक कुमार