बांका जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को मनरेगा बचाव संग्राम के तहत शहर स्थित आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष कंचना कुमारी सिंह ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मनरेगा योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया। धरना के उपरांत मनरेगा से जुड़ी छह सूत्री मांगों का ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा गया।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कंचना कुमारी सिंह ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार मनरेगा के नाम और स्वरूप दोनों को बदलकर देश के गांव और गरीबों पर सीधा हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि गांव, गरीब, मजदूर और छोटे किसानों की जीवनरेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूंजीवादी नीतियों को बढ़ावा देते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को धीरे-धीरे कमजोर कर रही है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जननायक राहुल गांधी द्वारा दिया गया “संविधान बचाओ” का नारा आज और अधिक प्रासंगिक हो गया है। भाजपा सरकार राज्य सरकारों पर आर्थिक जिम्मेदारी डालकर मनरेगा को आगे न चलाने की मंशा स्पष्ट कर चुकी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार संकट गहराता जा रहा है और गरीब मजदूरों का पलायन बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाव के लिए अपनी लड़ाई लगातार जारी रखेगी। यह संघर्ष संसद से लेकर पंचायत स्तर तक चलेगा। गरीब, मजदूर और छोटे किसानों के हक की इस लड़ाई को तब तक जारी रखा जाएगा, जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में पुनः लागू नहीं किया जाता।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मनरेगा के लिए पर्याप्त बजट आवंटन, समय पर मजदूरी भुगतान, 200 दिनों का रोजगार, बकाया राशि का शीघ्र भुगतान और योजना में कटौती बंद करने जैसी मांगें उठाईं।
इस मौके पर युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजीव रंजन, महेश्वरी यादव, लक्ष्मण प्रसाद सिंह, अमरेंद्र झा मुन्ना, कमलाकांत झा, अली इमाम, जिला उपाध्यक्ष राहुल देवा, जिला महासचिव इंदु देवी, कटोरिया प्रखंड अध्यक्ष राजीव गुप्ता, बाराहाट कार्यकारी अध्यक्ष सच्चिदानंद साह, पूजा कुमारी, अजय, राजीव सिंह सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




