रिपोर्ट-माखन सिंह
बौंसी (बांका): पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण चांदन डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शुक्रवार को डैम का जलस्तर बढ़कर 500 फीट तक पहुंच गया, जबकि तीन दिन पहले यह 497 फीट था। बीते 72 घंटों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे जलाशय में पानी का स्तर निरंतर ऊपर जा रहा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, अगर बारिश का यही क्रम जारी रहा तो आने वाले दिनों में स्पीलवे गेट खोलकर अतिरिक्त पानी नदी में छोड़ा जा सकता है।
मौसम विभाग ने भी क्षेत्र में अभी और वर्षा की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश से बौंसी और आसपास के गांवों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सड़कों पर पानी और कीचड़ भर जाने से लोगों को पैदल चलने में भी कठिनाई हो रही है। ग्रामीण इलाकों की गलियाँ और निचले मोहल्ले कीचड़ से लथपथ हैं।
खेती-किसानी पर भी असर पड़ा है। धान की फसल पूरी तरह पक कर तैयार थी, लेकिन अब पानी भरने और लगातार नमी बने रहने से फसलें खराब हो रही हैं। किसान राजकुमार मंडल ने बताया कि बारिश से खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे धान के पौधे सड़ने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अगर जलस्तर में और वृद्धि होती है तो आसपास के इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी जाएगी। फिलहाल डैम के जलाशय का दृश्य आकर्षक तो है, लेकिन किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा रही हैं।




