बांका के बेलहर थाना क्षेत्र में रविवार की संध्या उस समय मातम छा गया जब जितिया पर्व को लेकर स्नान करने गई तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चियों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और पर्व का माहौल मातम में बदल गया।

मृतकों की पहचान दमजोर तांती टोला निवासी सुजीत तांती की पुत्री 14 वर्षीय प्रिया कुमारी और 12 वर्षीय साक्षी कुमारी, तथा दिवाकर तांती की 13 वर्षीय पुत्री रितु कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीण महिलाओं के साथ ये तीनों बच्चियां बेलहरनी नदी सरारी पुल के पास स्नान कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चली गईं। कुछ देर तक जब बच्चियां नजर नहीं आईं तो स्नान कर रही अन्य महिलाओं ने शोर मचाया।
हल्ला सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को नदी से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल बेलहर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी गमगीन हो उठे।
परिजनों का कहना है कि वे अपनी बच्चियों की लंबी उम्र के लिए जितिया व्रत कर रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी ही संतानों की मौत हो गई। यह कहते ही बच्चियों की मां-बाप बदहवास हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि परंपरा के अनुसार बेलहर क्षेत्र में संध्या में नदी स्नान की प्रथा रही है, लेकिन इस बार हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। एक साथ तीन बच्चियों की असमय मौत से न सिर्फ परिजनों बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सूचना मिलने पर बेलहर थाना अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




