बिहार के जसीडीह–झाझा रेल खंड के लाहबोन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच 27 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे ट्रैक पर अवरोध उत्पन्न हो जाने के कारण इस खंड पर रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुरक्षा कारणों से रेलवे ने इस मार्ग से होkकर गुजरने वाली अप एवं डाउन दिशा की कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने का निर्णय लिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक पर अवरोध की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। हालांकि, जब तक ट्रैक पूरी तरह बहाल नहीं हो जाता, तब तक यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन सुचारू रखने के लिए कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में 18105 राउरकेला–जयनगर एक्सप्रेस को गया के रास्ते चलाया जा रहा है। वहीं 12274 नई दिल्ली–हावड़ा दुरंतो, 12304 नई दिल्ली–हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस तथा 12326 नंगल डैम–कोलकाता गुरुमुखी एक्सप्रेस को दीन दयाल उपाध्याय–गया–धनबाद–प्रधानखंटा मार्ग से चलाया जा रहा है।
हावड़ा–अमृतसर मेल, सियालदह–जयनगर गंगासागर एक्सप्रेस और संबलपुर–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस को जसीडीह–बांका–भागलपुर–किऊल मार्ग से संचालित किया जा रहा है, जिनका बांका, भागलपुर और जमालपुर में ठहराव निर्धारित किया गया है। इसके अलावा कई ट्रेनों को मधुपुर–कोडरमा–गया अथवा आसनसोल–प्रधानखंटा–गया मार्ग से चलाया जा रहा है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे पूछताछ केंद्र या आधिकारिक वेबसाइट/ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें। ट्रैक बहाली का कार्य प्रगति पर है और स्थिति सामान्य होते ही ट्रेनों का परिचालन पूर्व निर्धारित मार्ग से बहाल कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




