InShot 20250927 114426300 बौंसी में दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बौंसी में दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Photo of author

By Banka Darshan News

डेक्स रिपोर्ट-बांका

बांका। बौंसी थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव में शुक्रवार को उस समय मातम छा गया जब 18 वर्षीय युवक कुमार सानू की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सानू अपने दोस्तों के साथ गांव स्थित ढेबा बांध पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते डूब गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोस्तों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई ने उनकी मेहनत को नाकाम कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने भी कई प्रयास किए, लेकिन असफल रहे। इसके बाद महाराणा से बुलाए गए गोताखोर अकबर अंसारी ने अथक प्रयास कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।

 

मृतक कुमार सानू, गांव निवासी राजेश यादव और सरिता देवी का दूसरा बेटा था। पिता निजी शिक्षक हैं जबकि मां एएनएम पद पर कार्यरत हैं। बड़ा भाई ग्वालियर में डीएलइडी की पढ़ाई कर रहा है। परिवार को सानू से उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी कर नौकरी कर घर की जिम्मेदारी संभालेगा, लेकिन इस हादसे ने परिवार का सपना चकनाचूर कर दिया।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा बांध में कार्य किए जाने के बाद इसकी गहराई काफी बढ़ गई है। यही गहराई युवक की मौत का कारण बनी। घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के इलाके में गम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।

See also  ओढ़नी डैम को खेल व पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल