डेक्स रिपोर्ट -बांका
भा.वा.अ.शि.प.- वन उत्पादकता संस्थान, रांची के निदेशक डॉ. अमित पांडेय के मार्गदर्शन में गुरुवार को सुपहा स्थित वन विज्ञान केंद्र में “वृक्ष उत्पादक मेला, बांका” का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन डीआरडीए परियोजना निदेशक श्री श्रीनिवास, डॉ. पांडेय एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
स्वागत भाषण में डॉ. पांडेय ने बिहार में वनीय भूमि के क्षरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कृषि के साथ वनीय पौधों के रोपण पर जोर दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की। वरीय वैज्ञानिक डॉ. योगेश्वर मिश्रा ने संस्थान में चल रहे शोध कार्यों और विभिन्न वनीय प्रजातियों के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्रीनिवास ने प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन पर चिंता व्यक्त की और जनभागीदारी को जरूरी बताया।
वन प्रमंडल पदाधिकारी शिखर प्रधान ने लोगों को वनों से जुड़ने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में किसानों को नर्सरी भ्रमण कराया गया और विभिन्न वनीय पौधों का वितरण किया गया।
मेले में वन विभाग के साथ-साथ यूको बैंक, जीविका, जिला कृषि एवं उद्यान कार्यालय, आत्मा, पशुपालन विभाग समेत कई संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की। अंत में रूबी सुसाना कुजूर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




