बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में मंगलवार को पूजा-अर्चना के दौरान चोरी की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं ने दो युवकों को चोरी के संदेह में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि मंगलवार को मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन के लिए सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी, जो दोपहर करीब दो बजे तक बनी रही।
इसी भीड़ का फायदा उठाते हुए उचक्के सक्रिय हो गए। कई श्रद्धालुओं ने अपने पर्स, मोबाइल और जेवरात गायब होने की शिकायत की। मासूमगंज निवासी चंदन कुमार, सुल्तानगंज के नवीन कुमार, बेलहर के विपिन कुमार चौधरी, खड़गपुर की महिला आशा कुमारी, फुल्लीडूमर के सोनेलाल यादव सहित कई लोगों के जेब से पर्स और मोबाइल गायब हो गए। वहीं तारापुर से पूजा-अर्चना करने आई महिला कुमुद देवी के गले से सोने की चेन चोरी हो गई।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मंदिर प्रशासन सतर्क हो गया। श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। इसी दौरान संदिग्ध हरकतों के आधार पर दो युवकों को लोगों ने मंदिर परिसर से पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान तारापुर निवासी सुबोध मंडल के पुत्र लालू कुमार और मुन्ना मंडल के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है। इसके बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने दोनों युवकों को बंधक बनाकर शंभुगंज थाना की पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तिलडीहा दुर्गा मंदिर में पिछले कई मंगलवार और शनिवार को भी पैकेटमारी और चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसको लेकर मंदिर प्रशासन को पहले भी शिकायतें मिलती रही हैं, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड में था। हालांकि इस बार पकड़े गए दोनों युवकों के पास से कोई भी चोरी का सामान बरामद नहीं हो सका।
शंभुगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है और उनके सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पीड़ित श्रद्धालु द्वारा थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिससे पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले दिनों में मंदिर परिसर में पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना कर सकें।
- रिपोर्ट -निवास कुमार सिंह




