बेलहर (बांका):
देवघर–सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर पसिया मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मिली जानकारी के अनुसार, पसिया गांव निवासी स्व. अरविंद प्रसाद सिंह के पुत्र नीरज कुमार रविवार की सुबह अपनी बाइक से संग्रामपुर बाजार गया हुआ था। लौटने के क्रम में पसिया मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए और आक्रोश में आकर देवघर–सुल्तानगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पाकर बेलहर थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराने में जुट गए। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाने पर सहमति जताई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।




