रिपोट-चन्दन कुमार
बांका जिला के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र की बल्लिकित्ता पंचायत अंतर्गत बलिया गदाल यादव टोला के ग्रामीणों ने सोमवार को जर्जर बिजली तार बदलने और नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर अमरपुर बिजली कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीण पवन यादव, विष्णुदेव यादव, प्रमोद यादव, दयानंद यादव, सौरभ कुमार, शंकर यादव और राजेन्द्र यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि वर्षों पहले गांव के बाहर 63 केवी का एकमात्र ट्रांसफार्मर लगाया गया था। उसी ट्रांसफार्मर से रतनपुर मकदुमा पंचायत के वार्ड संख्या तीन, बलिया तथा गदाल यादव टोला तक बिजली की सप्लाई की जा रही है। एक ही ट्रांसफार्मर से चार टोले में बिजली आपूर्ति होने के कारण बिजली की आपूर्ति अनियमित रहती है और अक्सर लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे बिजली के तार अत्यंत जर्जर हो चुके हैं, जिसके कारण आए दिन तार गलकर गिर जाते हैं। हाल ही में तार की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत भी हो चुकी है। इस वजह से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोगों ने कहा कि अगर जल्द ही जर्जर तारों को बदला नहीं गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने अमरपुर विद्युत कार्यालय पहुंचकर सहायक अभियंता को लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने मांग की कि बलिया गदाल यादव टोला में सौ केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए और पुराने, जर्जर तारों को हटाकर नए तार लगाए जाएं, ताकि गांव में सुरक्षित और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




