बांका के 17 सरकारी हाई स्कूलों में शुरू होगी व्यवसायिक शिक्षा, छात्रों को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर.
बांका जिले सहित पूरे बिहार में सरकारी हाई स्कूलों में अब व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में सूबे के कुल 555 सरकारी हाई स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इनमें बांका जिले के 17 हाई स्कूल भी शामिल हैं, जहां शीघ्र ही व्यवसायिक शिक्षा के तहत प्रयोगशालाओं की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार के लिए सक्षम बन सकें।
Content
बांका जिले सहित पूरे बिहार में सरकारी हाई स्कूलों में अब व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में सूबे के कुल 555 सरकारी हाई स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इनमें बांका जिले के 17 हाई स्कूल भी शामिल हैं, जहां शीघ्र ही व्यवसायिक शिक्षा के तहत प्रयोगशालाओं की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार के लिए सक्षम बन सकें।
बिहार शिक्षा परियोजना की ओर से इस संबंध में समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पत्र जारी किया गया है। पत्र के माध्यम से चयनित एजेंसी के जरिए विद्यालयों में निर्धारित ट्रेड के अनुसार व्यवसायिक शिक्षा की प्रयोगशाला स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। प्रयोगशाला के निर्माण के बाद छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण भी मिलेगा, जिससे उनकी दक्षता में वृद्धि होगी।
बांका जिले में व्यवसायिक शिक्षा के लिए जिन 17 हाई स्कूलों का चयन किया गया है, उनमें बांका मुख्यालय के दो विद्यालय, फुल्लीडुमर प्रखंड के दो, कटोरिया के दो, शंभूगंज के दो, धोरैया के दो, चांदन प्रखंड का एक तथा बाराहाट प्रखंड का एक विद्यालय शामिल है। इन विद्यालयों में प्रयोगशालाओं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए सरकार की ओर से जिले को राशि आवंटित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
जिले में जिन विद्यालयों में व्यवसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी, उनमें अमरपुर प्रखंड का उच्च माध्यमिक विद्यालय रतनपुर मकदुम्मा, हाई स्कूल मेडियानाथ, एमडीएम हाई स्कूल मेढियानाथ, एमडीएम हाई स्कूल डुमरामा, भरको हाई स्कूल, बांका प्रखंड का टीआरपीएस हाई स्कूल, बाराहाट का डॉ. हरिहर चौधरी उच्च विद्यालय, बेलहर प्रखंड के एसएनजीएस हाई स्कूल बेलहर और राजपुर हाई स्कूल बेलहर, एसएसबीएसएमजी हाई स्कूल सुईया, प्रोजेक्ट कन्या हाई स्कूल चांदन, अवग्रेउ हाई स्कूल धावा कन्या, हाई स्कूल कटोरिया, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल कटोरिया, उच्च माध्यमिक विद्यालय मजगना डरपा, हाई स्कूल धौनी तथा प्लस टू फुल्लीडुमर शामिल हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले जिले के दो विद्यालयों—सूर्य मोहन सिंह हाई स्कूल मोहनपुर और शहर के बालिका उच्च विद्यालय—में व्यवसायिक शिक्षा की पढ़ाई पहले से चल रही है। अब इन दोनों के अलावा अन्य 17 हाई स्कूलों में भी व्यवसायिक शिक्षा की शुरुआत होने से कुल 19 विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
इस संबंध में बांका के डीपीओ (समग्र शिक्षा) देवनारायण पंडित ने बताया कि जिले के 17 चयनित स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसके लिए विद्यालयों में प्रयोगशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि छात्र प्रैक्टिकल के माध्यम से व्यवसायिक शिक्षा की बारीकियों को समझ सकें। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक शिक्षा से छात्र आत्मनिर्भर बनेंगे और पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने रोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।
व्यवसायिक शिक्षा की इस पहल से बांका जिले के विद्यार्थियों को नई दिशा मिलेगी और वे शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास के जरिए अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।




