Screenshot 20250823 120153 वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कटिहार पहुंचे राहुल गांधी, मजदूरों से की मुलाकात

वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कटिहार पहुंचे राहुल गांधी, मजदूरों से की मुलाकात

Photo of author

By News Desk

नेशनल टीम दिल्ली| कटिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को अपनी वोटर अधिकार यात्रा के क्रम में कटिहार जिले के कोढ़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीमांचल क्षेत्र के मजदूरों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। खास तौर पर दरभंगा से आए मखाना फोरी मजदूरों से मुलाकात कर उन्होंने उनके कामकाज, रोज़गार और परेशानियों की जानकारी ली। मजदूरों ने उन्हें बताया कि किस तरह मेहनत के बावजूद उचित मूल्य और सरकारी सहायता के अभाव में उनका जीवन संघर्षपूर्ण बना हुआ है।

राहुल गांधी ने मजदूरों की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि वोटर अधिकार यात्रा का उद्देश्य ही जनता से सीधा संवाद करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस मजदूरों और गरीब तबके की आवाज को मजबूत तरीके से सदन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि मखाना सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की पहचान है और इसके उत्पादन से जुड़े मजदूरों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।

मखाना लावा का स्वाद लिया

कटिहार प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने मजदूरों के साथ बैठकर मखाना लावा का स्वाद भी चखा। उन्होंने कहा कि मखाना सीमांचल की विशेष पहचान है और यह न केवल आर्थिक रूप से बल्कि सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी अहम महत्व रखता है। उन्होंने मखाना उत्पाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड बनाने की बात कही।

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

राहुल गांधी के कोढ़ा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और “वोटर अधिकार यात्रा जिंदाबाद” के नारे लगाए। राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा गरीब, किसान, मजदूर और नौजवान की आवाज को बुलंद करने के लिए निकाली गई है। उन्होंने कहा कि सीमांचल का क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षित रहा है, जबकि यहां की मिट्टी मेहनतकश है और लोग अपनी मेहनत से पहचान बनाने की ताकत रखते हैं। उन्होंने मजदूरों से वादा किया कि कांग्रेस उनकी समस्याओं को हल करने और उन्हें सम्मानजनक जीवन दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।