IMG 20250930 234618 सुईया को प्रखंड व बेलहर को अनुमंडल का दर्जा दिलाने को करेंगे संघर्ष : औंकार

सुईया को प्रखंड व बेलहर को अनुमंडल का दर्जा दिलाने को करेंगे संघर्ष : औंकार

Photo of author

By Banka Darshan News

 

रिपोट-चन्दन कुमार


 

कटोरिया। जदयू प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य औंकार यादव ने कहा कि सुईया को प्रखंड और बेलहर को अनुमंडल का दर्जा दिलाने के लिए वे संघर्ष करेंगे। साथ ही गंगा का पानी चांदन तक पहुंचाने का सपना भी जल्द साकार होगा। वे मंगलवार को बेलहर विधानसभा क्षेत्र के चांदन और सुईया इलाके के सघन दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे।

औंकार यादव ने कहा कि सुल्तानगंज से दर्दमारा बॉर्डर तक लगभग 700 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क का टेंडर हो चुका है। इसके बन जाने के बाद पटना की दूरी महज चार घंटे में तय होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर वे एनडीए के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बने।

जदयू नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिले को कई तोहफे मिले हैं। इनमें सुल्तानगंज से कटोरिया तक नई रेल लाइन, बांका में मेडिकल कॉलेज, कटोरिया में डिग्री कॉलेज, करझौंसा में सीमेंट फैक्ट्री, मोथाबाड़ी में बीएमपी कैंप और कल्होड़िया में सिपाही प्रशिक्षण केंद्र प्रमुख हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से हर घर में खुशियों का दीप जल रहा है।

इस मौके पर पूर्व प्रमुख पलटन प्रसाद यादव, हरेकृष्ण पांडेय, अजय भारती, बालेश्वर दास, सोनेलाल किस्कू, पिंटू सिंह, फकरे आलम, अनिल मंडल, टीकूराम सोरेन, जयप्रकाश यादव, रामरंजन बरनवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुईया बाजार में भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं ने औंकार यादव और अन्य नेताओं का लाल गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने इनारावरण, कटोरिया और सुईया बाजार के दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की।