भागलपुर। सबौर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के दौरान पति–पत्नी असंतुलित होकर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के कालूचक विसपुरिया गांव निवासी 50 वर्षीय रुणा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल पति नीरो यादव का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पति–पत्नी पीरपैंती जाने के लिए सुबह घर से निकले थे। नियमित यात्रा के लिए वे सबौर स्टेशन पहुंचे और वहां खड़ी पैसेंजर ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन के दरवाजे पर चढ़ने की कोशिश की, उसी दौरान रुणा कुमारी का पैर फिसल गया और वे असंतुलित होकर ट्रेन के नीचे गिर पड़ीं। गिरते ही उनका शरीर ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी को बचाने के प्रयास में नीरो यादव भी गिर पड़े और चोटिल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने घायल नीरो यादव को संभाला और प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दूसरी ओर मृतका के शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटना को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय यात्रियों के अनुसार, ट्रेन धीरे-धीरे चल रही थी, जिसके कारण दोनों दंपती चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया। लोगों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने से बचना चाहिए, लेकिन पर्याप्त जागरूकता और जल्दबाजी के कारण ऐसे हादसे अक्सर हो जाते हैं।
परिवार और गांव में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और यात्री जागरूकता की मांग की है। फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर




