रिपोट-चन्दन कुमार
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जिले सहित पूरे राज्य की लाखों महिलाओं को पुनः आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र महिला के बैंक खाते में दस हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 25 लाख महिलाओं के खातों में राशि का अंतरण किया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 26 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योजना की प्रथम किस्त के रूप में 75 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया था। शुक्रवार को द्वितीय चरण की प्रथम किस्त का वितरण मुख्यमंत्री के कर-कमलों से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और श्री विजय कुमार सिन्हा सहित जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

राज्यस्तरीय आयोजन का सीधा प्रसारण जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक किया गया। बांका समाहरणालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री नवदीप शुक्ला, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण निदेशक श्री श्रीनिवास, परियोजना प्रबंधक श्री राकेश कुमार, जीविका पदाधिकारी समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर 475 से अधिक जीविका दीदियाँ भी सम्मिलित हुईं।
जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें मशरूम उत्पादन, शहद उत्पादन जैसी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि “हर भारतीय की थाली में बिहार की एक व्यंजन अवश्य होगी।” साथ ही उन्होंने जीविका दीदियों को लोकगीतों के संरक्षण हेतु टोली बनाने का सुझाव भी दिया, ताकि नई पीढ़ी को सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ा जा सके।
इधर, प्रखंड मुख्यालयों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि पंचायत स्तर पर जीविका महिला संघ एवं संगठन द्वारा सीधा प्रसारण दिखाया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी से कार्यक्रम को उत्सव जैसा माहौल मिला।




