IMG 20251121 221213 पत्नी–बच्चों को छोड़ प्रेमिका संग फरार हुआ युवक, पीड़िता ने थाने में लगाई न्याय की गुहार

पत्नी–बच्चों को छोड़ प्रेमिका संग फरार हुआ युवक, पीड़िता ने थाने में लगाई न्याय की गुहार

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट- निवास कुमार

बांका जिला के शंभुगंज थाना क्षेत्र के बैदपुर गांव में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर प्रेमिका के साथ शादी करने की नीयत से घर से फरार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बैदपुर निवासी कुंदन सिंह, पिता स्व. अरुण सिंह, की शादी वर्ष 2014 में लखीसराय जिले के कजरा गांव की रंजना कुमारी से हुई थी। शादी के बाद दंपती को एक पुत्र और एक पुत्री का जन्म हुआ।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कुंदन वाहन चलाने का काम करने लगा। इसी दौरान बेलहर थाना क्षेत्र की एक युवती से उसका प्रेम संबंध विकसित हो गया। रंजना कुमारी के अनुसार इसी प्रेम प्रसंग में उलझकर कुंदन सिंह अपनी प्रेमिका के साथ शादी करने की मंशा से घर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित पत्नी रंजना कुमारी अपने दोनों बच्चों के साथ शुक्रवार को शंभुगंज थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। रंजना ने अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब कुंदन घर छोड़कर भागा हो। इससे पूर्व भी वह अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो चुका था, लेकिन उस समय रंजना द्वारा थाने में शिकायत करने पर वह वापस घर लौट आया था।

रंजना का कहना है कि पति के इस व्यवहार से वह मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान है। वह अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है और चाहती है कि आरोपी पति पर उचित कार्रवाई हो ताकि उसे न्याय मिल सके।

See also  धोरैया के युवक की दिल्ली में संदिग्ध मौत, ठेकेदार समेत तीन पर हत्या की प्राथमिकी

इस मामले में शंभुगंज थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस पति की गतिविधियों और उसके संभावित ठिकानों की तलाश में जुट गई है। घटना से इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।