बांका जिला के चांदन-देवघर मुख्य मार्ग पर पाण्डेयडीह गांव के समीप रविवार की सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें सवार पांच कांवरिये गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर चांदन थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को चांदन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल संगीता देवी (40) को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घायलों की पहचान पूर्वी चंपारण जिला के कोटवा थाना क्षेत्र के जसाली गांव निवासी रामनाथ साह (50), उनकी पत्नी रेनू देवी (45), हरिशंकर साह (55), संगीता देवी (40) और सलोनी कुमारी (22) के रूप में हुई है।
बताया गया कि सभी कांवरिये सुल्तानगंज से जल भरकर देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के लिए कार से जा रहे थे। पाण्डेयडीह के समीप कार चालक को झपकी लग जाने के कारण वाहन असंतुलित हो गया और तेज रफ्तार में सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया।
चांदन थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। कांवरियों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।