बांका। जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को जिला निरीक्षण समिति द्वारा जिले में संचालित विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान, बांका का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान की व्यवस्था की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संस्थान में वर्तमान में दो बच्चियां आवासित हैं। इनमें से एक बच्ची लगभग दो माह की है। सहायक निदेशक ने जानकारी दी कि यह बालिका शीघ्र ही लीगली फ्री होने वाली है, जिसके बाद उसे दत्तक ग्रहण प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाएगा। वहीं दूसरी बालिका को फिजियोथेरेपी हेतु सदर अस्पताल बांका के न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर (NRC) में भर्ती कराया गया है। उपचार से बच्ची को काफी लाभ हुआ है, हालांकि अभी और सुधार की संभावना बनी हुई है।
निरीक्षण समिति में सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) और बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल रहे। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को संस्थान की बेहतर देखरेख एवं बच्चियों के संपूर्ण विकास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।




