बांका जिले के बौसी प्रखंड के पनिया गांव स्थित अद्वैत मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन परिसर में शनिवार को नव निर्मित अद्वैत मिशन लॉ कॉलेज का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने किया। राज्यपाल का हेलीकॉप्टर सीधे कॉलेज परिसर में उतरा, जहां पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कॉलेज प्रशासन और अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा सहित पूरा जिला प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कॉलेज और मंच को दुल्हन की तरह सजाया गया था। राज्यपाल का स्वागत स्कूली बच्चों एवं आदिवासी नृत्य दलों ने किया। राष्ट्रीय गान के बाद राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष अरविंदाक्षन माडम्बत ने स्वागत भाषण दिया तथा मेधावी छात्रों को राज्यपाल ने सम्मानित भी किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि वह पहली बार बांका आए हैं और यहां की हरियाली ने उन्हें केरल की याद दिला दी। उन्होंने कॉलेज की व्यवस्था और शैक्षणिक ढांचे की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाली पीढ़ी को कानून की पढ़ाई के माध्यम से समाज की नई दिशा देगा। उन्होंने भाषण में मर्यादित भाषा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि विरोध हो या नारेबाजी, भाषा हमेशा सम्मानजनक रहनी चाहिए।
राज्यपाल ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और कृत्रिम न्यायालय का अवलोकन किया और इसे छात्रों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम स्थल को तिरंगे और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
राज्यपाल ने कहा कि बांका की धरती ज्ञान और संस्कृति की धरोहर है, यहां से विधि शिक्षा का नया अध्याय शुरू होगा। कार्यक्रम के उपरांत वे हेलीकॉप्टर से वापस लौट गए।