रिपोर्ट-माखन सिंह
बांका बौंसी प्रखंड के हरिमोहरा स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने विद्यालय परिसर में मानव शृंखला बनाकर मतदान के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) हर्ष पराशर ने किया। उनके साथ प्रभारी बीईओ सह प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी श्याम सुंदर कुमार, विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर पुष्पा तथा अन्य शिक्षकगण मौजूद थे। सभी ने छात्राओं के उत्साह और भागीदारी की सराहना की। मानव शृंखला के बाद विद्यालय परिसर में “चुनावी पाठशाला” का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को मतदान की प्रक्रिया, मतदाता सूची, और मताधिकार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ हर्ष पराशर ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मत है। हर नागरिक को मतदान के दिन बूथ तक पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार और समुदाय में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाएं, ताकि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
प्रभारी बीईओ श्याम सुंदर कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर पुष्पा ने भी छात्राओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
इस मौके पर शिक्षक शिवेंद्र कृष्णा पांडे, उत्तम झा सहित विद्यालय के कई शिक्षकों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा कार्यक्रम मतदाता ६ अभियान 2025 के अंतर्गत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




