बांका जिले के लिए गर्व की बात है कि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत नोनीहारी गांव की बहू कुमारी रंजीता ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में डिप्टी कमांडेंट के पद पर पदोन्नति प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वर्तमान में कुमारी रंजीता की तैनाती मणिपुर के झिरीबाम क्षेत्र में है, जहां वे देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। उनकी पदोन्नति न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बांका जिले के लिए सम्मान और गौरव का विषय बन गई है।
कुमारी रंजीता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने जीव विज्ञान (बायोलॉजी) विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने प्रतिष्ठित CSIR-NET परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की, जो उनकी शैक्षणिक प्रतिभा का प्रमाण है। शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने राष्ट्र सेवा को अपना लक्ष्य बनाया और सुरक्षा बल में शामिल होकर देश की सेवा का मार्ग चुना।
अपने सेवा काल में वे भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सुरक्षा में तैनात स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) का भी हिस्सा रह चुकी हैं। यह जिम्मेदारी केवल उत्कृष्ट और प्रशिक्षित अधिकारियों को ही सौंपी जाती है। अब CRPF में डिप्टी कमांडेंट के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी उनके अनुभव और क्षमता को दर्शाती है।
कुमारी रंजीता साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। हाल ही में उनके कविता संग्रह “जेंथुला” का अनावरण किया गया। यह संग्रह महिलाओं और बालिकाओं के जीवन, उनके संघर्ष, आत्मबल, साहस और सामाजिक चुनौतियों को केंद्र में रखकर लिखा गया है। साहित्य प्रेमियों ने इस कृति की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है।
उनकी इस दोहरी उपलब्धि—एक ओर सुरक्षा बल में उच्च पद और दूसरी ओर साहित्य सृजन—ने उन्हें एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुमारी रंजीता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता बांका ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की बेटियों और बहुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
न्यूज़- दीपक कुमार सिंह
